नीट में अनियमितता के विरोध में कांग्रेस ने किया प्रदर्शन: जयपुर के कलेक्ट्री सर्किल पर दिया धरना; परीक्षा रद्द करने की मांग – Jaipur Headlines Today News

केन्द्र सरकार की नेशनल टेस्टिंग एजेन्सी की ओर से नीट यूजी-2024 परीक्षा करवाने में अनियमितता के विरोध में शुक्रवार को कलेक्ट्री सर्किल, जयपुर पर बड़ी संख्या में कांग्रेसी नेता व कार्यकर्ताओं ने धरना देकर विरोध-प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेसी नेताओं न
.
धरने को संबोधित करते हुए राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा- राजस्थान में जब पांच साल कांग्रेस की सरकार थी तो भारतीय जनता पार्टी के तमाम नेता युवाओं के भविष्य को लेकर चिंता व्यक्त करते थे। उन्होंने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी के उन सभी नेताओं को वास्तविक चेहरा उजागर हो गया है क्योंकि इन भाजपा नेताओं को उस वक्त भी युवाओं के भविष्य की चिंता नहीं थी केवल माहौल खराब कर सरकार में आना चाहते थे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने भ्रमित कर सत्ता तो हथिया ली किन्तु आज उनसे यह प्रश्न पूरा देश पूछ रहा है कि 24 लाख बच्चें जिनमें से 1 लाख 75 हजार राजस्थान के है, जिन्होंने अपने परिजनों के साथ डॉक्टर बनने का सपना देखा है और इस सपने को साकार करने के लिए दिन-रात पढ़ाई और मेहनत की है, माता-पिता ने कोचिंग के लिए बड़ी राशि खर्च की तथा सर्वस्व लगाकर भविष्य की आशाओं के साथ जब बच्चों ने परीक्षा दी तो हुआ यह कि देश की नीट की परीक्षा का पेपर आउट हो गया। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन पेपर आउट होने के नए-नए खुलासे हो रहे है तथा अनेक राज्यों से मीडिया के माध्यम से वहां पेपर आउट होने की जानकारी सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि बिहार में डबल इंजन की भाजपा सरकार के मंत्री ही कह रहे है कि बिहार में पेपर आउट हुआ है और पेपर आउट करने वाले सरगना की जानकारी मिल गई है, किन्तु देश के प्रधानमंत्री जो बच्चों से परीक्षा पर चर्चा करते थे वे अब एक शब्द नहीं बोल रहे है।

कांग्रेसी नेताओं-कार्यकर्ताओं ने युवा मांगे न्याय RENEET ही उपाय लिखी तख्तियां दिखाई।
उन्होंने कहा कि देश के शिक्षा मंत्री भी इस विषय पर देश को सच्चाई नहीं बता रहे है बल्कि प्रतिदिन गुमराह करने वाली बातें कह रहे है। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री कभी तो कहते है कि गड़बड़ी करने वालों की जांच की जाएगी, कभी कह रहे है कि गड़बड़ी हुई है लेकिन पेपर आउट नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि बिहार के उप मुख्यमंत्री स्वयं कह चुके है कि बिहार में पेपर लीक हुआ है और इसके पुख्ता प्रमाण है किन्तु शिक्षा मंत्री इस पेपर को निरस्त करवा कर दुबारा परीक्षा करवाने की बजाए मुंह बंद कर बैठे है, एक शब्द नहीं बोल रहे।
उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय ने भी इस परीक्षा को लेकर गम्भीर टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि बच्चों को परीक्षा केन्द्र पर समय पर पेपर नहीं मिला और मनमाने तरीके से नेशनल टेस्टिंग एजेन्सी ने ग्रेस मार्क्स दे दिए। उन्होंने कहा कि पता नहीं कितने सेंटरों पर पेपर देर से पहुंचा, ना जाने कितने बच्चों को पेपर देने के लिए पूरा समय नहीं मिला किन्तु केन्द्र सरकार की एजेन्सी ने चुनिंदा लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए मनमाने तरीके से ग्रेस मार्क्स देने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि देशभर के छात्र परेशान है और माननीय उच्चतम न्यायालय के समक्ष न्याय लेने के लिए जा रहे है क्योंकि उनके सपनों को तोड़ने का कार्य भाजपा की केन्द्र सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि माननीय उच्चतम न्यायालय ने कहा कि यदि एक भी डॉक्टर फर्जी तरीके से बन गया तो इस तरीके से बना डॉक्टर पता नहीं कितने लोगों के जीवन को खराब कर देगा।

गर्मी के बावजूद कांग्रेसी नेता कार्यकर्ता प्रदर्शन में मौजूद रहे।
डोटासरा ने कहा- उच्चतम न्यायालय की कड़ी टिप्पणी के बावजूद भाजपा की केन्द्र सरकार के कान पर जू तक नहीं रेंग रही है कि उच्चतम न्यायालय द्वारा अपनी मंशा जाहिर की गई है कि यदि पेपर लीक होने के कारण निरस्त किया गया तो इसकी काउंसिलिंग करवाने की क्या आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा की केन्द्र सरकार द्वारा बनाई गई एजेन्सी ने ही यूजीसी-नेट की भी परीक्षा करवाई थी जिसमें पेपर आउट होने के कारण परीक्षा निरस्त कर दी गई चूंकि नीट की परीक्षा में भारी भ्रष्टाचार हुआ है इसलिए यह परीक्षा पेपर लीक होने के बावजूद भाजपा सरकार निरस्त नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास आज जनता के लिए फुरसत नहीं है, बच्चों के भविष्य की चिंता नहीं है क्योंकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपनी सरकार बचाने के लिए सहयोगी दलों को ही सारा समय प्रदान कर रहे है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री करोड़ों रुपए खर्च कर परीक्षा कैसे देनी चाहिए, बताते रहे जबकि उनकी स्वयं की डिग्री पर सैकड़ों प्रश्न चिन्ह है।

प्रतापसिंह खाचरियावास बोले- बेईमानी के बावजूद शिक्षा मंत्री व पूरी केंद्र सरकार सिर्फ़ झूठ बोलकर देश को गुमराह करने का काम कर रही है।
वहीं प्रतापसिंह खाचरियावास बोले- नीट पेपर का बड़ा घोटाला केंद्र की भाजपा सरकार ने कर दिया।इस घोटाले के लिए सीधे-सीधे केंद्र की भाजपा सरकार और उनके नेता जिम्मेदार हैं। खाचरियावास ने कहा कि पिछले 6 महीने से कांग्रेस की गहलोत सरकार के कामों की समीक्षा के नाम पर प्रदेश की भाजपा सरकार ने एक भी नया काम नहीं किया, यही कारण है कि 6 महीने से सरकार में होने के बावजूद भाजपा की भजनलाल सरकार एक भी नई योजना नहीं ला पाई, लगातार कांग्रेस के मंत्रियों और मुख्यमंत्री को गालियां देने मे भाजपा सरकार ने समय बर्बाद कर दिया। यदि भाजपा सरकार में दम है तो इन 6 महीना में किसी एक भी मंत्री के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं कर पाए? क्योंकि उन्होंने जो भी भ्रष्टाचार के आरोप पुरानी सरकार पर लगाए थे वह सभी झूठे और मनगढ़ंत थे। अब भाजपा सरकार की पोल खुल गई है, नीट का घोटाला होने के बावजूद प्रदेश का एक भी भाजपा नेता नौजवानों एवं युवाओं के पक्ष में बयान नहीं दे रहा है, इससे स्पष्ट है कि भाजपा नेता दोहरी राजनीति करते हैं। जब सत्ता में नहीं थे तब युवाओं के पक्ष में बड़ी-बड़ी बातें करने वाले डॉ किरोडी लाल मीणा, राजेंद्र राठौड़ और सीपी जोशी एकदम से गायब हो गए हैं। कांग्रेस चुप नहीं रहेगी नौजवानों के पक्ष में सड़कों पर संघर्ष करेगी।

मंच पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष और विधायक रफीक खान चर्चा करते हुए।
विरोध प्रदर्शन के दौरान सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल, विधायक रफीक खान, हाकम अली, मनोज मेघवाल, अमीन कागजी, अमित चाचाण, वीरेन्द्र सिंह, घनश्याम मेहर, भीमराज भाटी, भगवाना राम सैनी, शिमला नायक, डूंगरराम गेदर, प्रशान्त सहदेव शर्मा, पीतराम काला, डॉ. विकास चौधरी, अनिता जाटव, पूर्व मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह, प्रताप सिंह खाचरियावास, ममता भूपेश, शकुन्तला रावत, बाबूलाल नागर, जाहिदा खान, बृजकिशोर शर्मा, नसीम अख्तर, डॉ. राजकुमार शर्मा, पूर्व विधायक नवरंग सिंह, कृष्णा पूनियां, गंगा देवी वर्मा, प्रशान्त बैरवा, इन्द्राज गुर्जर, जी. आर. खटाणा, प्रीति गजेन्द्र सिंह शक्तावत, लोकसभा प्रत्याशी रामचन्द्र चौधरी, अनिल चौपड़ा, ताराचन्द मीणा, संगीता बेनीवाल, प्रदेश कांग्रेस पदाधिकारी ललित तूनवाल, रामविलास चौधरी, रामसिंह कस्वां, पुष्पेन्द्र भारद्वाज, स्वर्णिम चतुर्वेदी, आर.सी. चौधरी, मोहन डागर, राजेश चौधरी, गजेन्द्र सिंह सांखला, फूल सिंह ओला, हिम्मत सिंह गुर्जर, राहुल भाकर, रघुवीर सिंह राठौड़, पूर्व चेयरमेन मुमताज मसीह, रामसिंह राव, जिला कांग्रेस अध्यक्ष आर. आर. तिवाड़ी, गोपाल मीणा, इन्द्राज खीचड़, रविन्द्र त्यागी, कार्यकारी अध्यक्ष राजेन्द्र यादव, विधायक सी. एल. प्रेमी बैरवा, विधायक जाकिर हुसैन गैसावत, दिनेश सूपा, सुनिता गठाला, हरिप्रसाद बैरवा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष राखी गौतम, एनएसयूआई अध्यक्ष विनोद जाखड़, युवा कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष यशवीर सूरा, हरसहाय यादव, सी. बी. यादव, महेन्द्र राजोरिया, द्रोपदी कोली, अभिषेक चौधरी, विजेन्द्र सिंह, मनीष मक्कासर, शिवकान्त नंदवाना, तारा बेनीवाल, शहजाद खान (सूरसागर), गिरिराज खण्डेलवाल, राजेन्द्र सैन, संजीता सिहाग सहित अनेक कांग्रेसी नेता-कार्यकर्ता मौजूद रहे।