धीरज गुर्जर बोले-शाहपुरा का जिला दर्जा खत्म नहीं होने देंगे: कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव ने कहा- बड़े आंदोलन या उग्र प्रदर्शन से पीछे नहीं हटेंगे – Bhilwara Headlines Today News

शाहपुरा जिले से जिले का दर्जा समाप्त किए जाने की खबरों के साथ ही जिले की राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इस मामले पर कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर ने कहा कि शाहपुरा जिले के साथ सरकार ने छेड़छाड़ की तो बड़ा जन आंदोलन होगा।
.
कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर ने गुरुवार को कहा-अगर सरकार ने शाहपुरा से जिले का दर्जा छीना तो कांग्रेस पार्टी और जनता पुरजोर करेगी। शाहपुरा की जनता उग्र प्रदर्शन, आन्दोलन, बहिष्कार, बाजार बन्द, चक्का जाम अनिश्चितकाल तक करेगी।
इसके बाद भी अगर दर्जा छीना गया तो इसका परिणाम भाजपा सरकार को वर्षों तक झेलना होगा।
उन्होंने कहा- 17 जून को नये बने जिलों की संख्या में कमी की जाने वाली खबर पढ़कर भाजपा की भजनलाल सरकार के प्रति शाहपुरा जिले वालों के मन में भारी आक्रोश उत्पन्न हुआ है। देश आजाद होने के समय से ही शाहपुरा (भीलवाड़ा) को जिला बनाने की मांग उत्पन्न होती रही थी।
राजस्थान की एक रियासत होने के कारण शाहपुरा को कुछ समय के लिए जिला बनाया भी गया था, परन्तु किन्हीं कारण वश शाहपुरा जिला नहीं बन सका। वर्षों बाद कांग्रेस की गहलोत सरकार ने शाहपुरा को जिले की सौगात दी थी लेकिन अब राज्य में भाजपा की भजन लाल सरकार सरकार शाहपुरा से जिला होने का अधिकार वापस छीनना चाहती है तो यह शाहपुरा की जनता के साथ बहुत बड़ा धोखा होगा, कुठाराघात होगा।
यदि इस प्रकार की प्रतिक्रिया भजनलाल सरकार ने लोकसभा चुनावों से पूर्व में दी होती तो इसका परिणाम लोकसभा में चुनाव में ही भजनलाल सरकार को मिल जाता।
हाल ही में शाहपुरा विधायक लाला राम बैरवा ने भी जिले को यथावत रखने को लेकर मुख्यमंत्री व विधानसभा अध्यक्ष से मिले थे। पूर्व में भी विधायक लालाराम बैरवा द्वारा शाहपुरा बचाओ संघर्ष समिति की तहत आंदोलन किया था साथ ही जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आंदोलन किया था।